उपेक्षा से बिफरे पोथिंग के ग्रामीण

कपकोट। पोथिंग गांव की समस्याआें को लेकर पूर्व विधायक शेर सिंह गड़िया के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने यहां पुल बाजार से तहसील मुख्यालय तक जुलूस निकाला और धरना दिया। सरकारों पर क्षेत्र की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।
धरने के दौरान हुई सभा में पूर्व विधायक शेर सिंह गड़िया ने कहा कि विकास के मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए। सरकार क्षेत्र की उपेक्षा करके लोगों को सड़कों पर उतरने के लिए विवश कर रही है। पोथिंग गांव में मार्ग, पेयजल योजना, शिक्षक और डाक्टर नहीं हैं। कपकोट विधानसभा क्षेत्र नेतृत्व विहीन हो गया है। यहां के विधायक काम नहीं कर रहे हैं अथवा सरकार उनकी नहीं सुन रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वह संघर्ष करेंगे। ग्राम प्रधान हरीश जोशी ने कहा कि उपेक्षा के कारण लोग आंदोलित हैं। इस अवसर पर राम सिंह, कुंदन सिंह, नंदन सिंह गड़िया, भगवत गड़िया आदि ने विचार रखे। संचालन नरेंद्र गड़िया ने किया। एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया गया।

Related posts