
पिथौरागढ़। नैनीपातल क्षेत्र के पर्यावरण को सुरक्षित रखने की मांग को लेकर मनोज भट्ट का आमरण अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल, प्रकाश पंत, सुरेश जोशी, राजेंद्र रावत, किशन भंडारी ने आंदोलन स्थल पहुंचकर समर्थन दिया। वार्ता करने पहुंचे उप जिलाधिकारी नरेश दुर्गापाल और अधिशासी अधिकारी केएन जोशी को बैरंग लौटना पड़ा। उन्होंने मांग पर सकारात्मक रवैये के बाद ही आंदोलन वापस लेने की बात कही है।
नैनीपातल क्षेत्र में शहर का कूड़ा डालने में रोक लगाने की मांग को लेकर आमरण अनशन में बैठे मनोज भट्ट से उप जिलाधिकारी ने मुलाकात की। उन्होंने आंदोलनकारी से कूड़े की अन्यत्र व्यवस्था करने के लिए छह महीने का समय मांगा। लेकिन आंदोलनकारी ने एसडीएम की एक नहीं सुनी और इस समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की। जिससे एसडीएम दुर्गापाल को बैरंग वापस लौटना पड़ा।
कहा कि विगत 40 वर्षों से नैनीपातल में शहर का कूड़ा डाला जा रहा है। इसकी वजह से इस पूरे क्षेत्र का वातावरण दूषित हो गया है। यहां से उठते धुएं और बदबू की वजह से लोगों को भारी दिक्कतें उठानी पड़ती है। इस मौके पर बहादुर सिंह सौन, प्रधान टीकाराम कापड़ी, भावना चंद, लक्ष्मी भट्ट, प्रवीण चंद, पुष्पा देवी, जगत सिंह सौन, कैप्टन रामी चंद, प्रेम चंद, नरेंद्र चंद, क्षेत्र पंचायत सदस्य जगत चंद, पंकज सौन, मोहन सिंह, पवन चंद, राकेश चंद, हितेश चंद, राजेंद्र चंद, कोमल साही, शिवम गुरंग, जगत सिंह सौन आदि मौजूद थे।
