
हल्द्वानी। कई वाहन स्वामी अपनी जान के साथ ही दूसरे की जिंदगी से भी खिलवाड़ कर रहे हैं, थोड़े से पैसे बचाने को बिना फिटनेस और अप्रशिक्षित व्यक्ति (लाइसेंस न होना) से वाहन दौड़ाया जा रहा है, इसका अंदाजा परिवहन विभाग के आंकड़ों से लगाया जा सकता है, जिसमें 199 ऐसे वाहनों पर कार्रवाई हुई, जिनके ड्राइवर के पास लाइसेंस तक नहीं था।
पहाड़ में सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, चेकिंग अभियान भी चल रहा है पर इनसे सबक लेने को कुछ वाहन स्वामी तैयार नहीं है। परिवहन विभाग के आंकड़े बताते हैं कि कैसे नियमों की धज्जियां और लोगों की जान को खतरे में डालते हुए वाहनों को दौड़ाया जा रहा है। प्रवर्तन दल के अप्रैल-मई महीने की चेकिंग में करीब दो सौ वाहन को पकड़ा गया, जिनके चालकों के पास लाइसेंस नहीं था। 41 ऐसे वाहन थे, जो चलाने योग्य नहीं थे, फिटनेस फेल यात्री और मालवाहक वाहनों को चलाया जा रहा था। कुछ पैसे बचाने को जमकर ओवर लोडिंग भी हो रही है, टीम ने 96 ऐसे वाहनों को पकड़ा, जिन पर कई टन ज्यादा माल लदा हुआ था, इसमें 30 ट्रक भी शामिल हैं। यात्री वाहन भी कम नहीं थे, भूसे की तरह यात्रियों को ठूंस जा रहा है। ओवरलोड 122 बस, टैक्सी, मैक्सी कैब पर कार्रवाई की गई। आरटीओ एसके सिंह कहते हैं कि दो महीने में 338 वाहनों का चालान किया गया है, इसके अलावा 72 वाहनों को बंद किया गया है। इनसे करीब 15 लाख का जुर्माना वसूला गया है।
फिर 15 वाहनों पर कार्रवाई
हल्द्वानी। डीएम के आदेश पर नैनीताल से जुड़े मार्गों पर चेकिंग हुई। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डा. गुरदेव सिंह ने बताया कि अभियान में चार टैक्सी सीज की गई है, इसमें तीन के पास कागजात नहीं थे, जबकि एक की फिटनेस फेल थी और वह यात्रियों को ढो रही थी। 11 अन्य वाहनों पर भी कार्रवाई की गई है।
