
देहरादून के सीबीएसई और सीआईएससीई से जुड़े 30 स्कूलों की मान्यता पर संकट गहरा गया है। शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम का पालन न करने वाले इन स्कूलों को आगामी मंगलवार तक आरटीई के तहत नव मान्यता के लिए कहा गया है।
ऐसा न होने पर बुधवार को इनकी मान्यता रद्द कर दी जाएगी। स्कूलों से ऐसी स्थिति में बच्चों को दूसरे स्कूलों में शिफ्ट किया जाएगा।
स्कूलों से उनके यहां पढ़ने वाले बच्चों की सूची भी इस बाबत उपलब्ध कराने को कहा गया है। इस संबंध में मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) एसपी खाली की ओर से सभी स्कूलों में पत्र पहुंच चुके हैं।
इस बाबत एक पत्र प्रशासन को भी भेजा गया है, ताकि अधिनियम का उल्लंघन करने वाले स्कूलों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जिन स्कूलों के नाम शिक्षा का अधिकार अधिनियम के उल्लंघन के दायरे में हैं, वह शहर के नामी स्कूलों में गिने जाते हैं।
‘मनमानी की पाठशाला’ से खोली थी कलई
दून के इन प्रतिष्ठित स्कूलों की मनमानी पर अमर उजाला ने हाल ही में ‘मनमानी की पाठशाला’ नाम से अभियान चलाया था। अभियान के तहत इन स्कूलों की कलई खोलकर रख दी गई थी।
