तहसील पर ग्रामीणों का प्रदर्शन

थराली। सुचारु विद्युत आपूर्ति नहीं होने और लो वोल्टेज की समस्या से गुस्साए ग्वालदम, जलचौरा के ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के खिलाफ तहसील में जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निगम शिकायत के बाद भी समस्या का निराकरण नहीं कर रहा है। उन्होंने 15 दिन के भीतर विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं होने की स्थिति में दोबारा धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
बृहस्पतिवार को तहसील पहुंचे ग्रामीणों का कहना था कि पिछले 25 साल से जलचौरा गांव में सही रूप से विद्युतीकरण नहीं हो पाया है। वहीं जिन घरों में बिजली सप्लाई हो रही है, वहां लो वोल्टेेज की समस्या बनी हुई है। बावजूद इसके ऊर्जा निगम ग्रामीणों को भारी भरकम बिल भेज रहा है। ग्रामीणों का कहना था कि शासन-प्रशासन और ऊर्जा निगम को समस्या से कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी है। अनुसूचित जाति बाहुल्य उक्त गांव में 60 परिवार निवास करते हैं, लेकिन ऊर्जा निगम 25 साल में गांव के 30 घरों को भी विद्युत लाइन से जोड़ पाया है। ग्रामीणों ने 15 दिन में सुचारु विद्युत सप्लाई और ट्रांसफार्मर नहीं लगाए जाने पर तहसील परिसर मेें दोबारा धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। वहीं उप जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने ऊर्जा निगम के ईई बीएस पंवार को तत्काल समस्या के निराकरण करने के निर्देश दिए। उधर, भारत की जनवादी नौजवान सभा ग्वालदम ने भी ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों में बीना देवी, नीमा देवी, नीमा रावत, जानकी देवी, बीरेंद्र कुमार, कमलेश गौड़, संजय कुमार, दमयंती देवी, राकेश कुमार सहित कई शामिल थे।

Related posts