
चंपावत। जिला पुलिस ने रात में चलने वाले वाहनों पर सख्ती से प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया है। सिर्फ आपात स्थिति में जाने वाले वाहनों को छोड़कर शेष सभी वाहन अब रात के समय आगे नहीं बढ़ने दिए जाएंगे। यदि कोई वाहन चालक मोबाइल फोन पर बात करते हुए गाड़ी चलाते पकड़ा गया तो उसका तत्काल चालान कर दिया जाएगा।
शुक्रवार को मासिक अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक केएस नगन्याल ने कहा कि देर रात में वाहनों का संचालन होने की जानकारी मिल रही है, जबकि पहाड़ी मार्गों पर रात के समय वाहन चलाने पर प्रतिबंध है। अब रात के समय चलने वाले वाहनों को चंपावत से आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। सिर्फ आपात स्थिति में या फिर किसी बीमार व्यक्ति को लेकर जा रहे वाहनों को इसमें छूट दी जाएगी, लेकिन पुलिस इसकी भी पूरी पड़ताल कर लेगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि टनकपुर थाना क्षेत्र में एक अज्ञात लाश मिलने के मामले की गहन छानबीन की जा रही है। संबंधित थाना प्रभारी से कहा गया कि वह तेजी के साथ इस मामले का खुलासा करे। नगर की यातायात व्यवस्था सुधारने पर विशेष ध्यान देने, विवेचना का काम तेजी से करने, ओवरलोडिंग पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिए गए। अगली बैठक में इसकी समीक्षा की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों से कहा कि वह अपने बारे में भी जानकारी को अपडेट रखें। बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी पीएस पांगती, कोतवाल आरएस टोलिया, स्टेनो चिरंजीव जोशी के अलावा सभी थानों के प्रभारी मौजूद थे।
