
काशीपुर। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी परीक्षा में बड़ी गड़बड़ी पाई गई है। जिन लोगों का पहली सूची में चयन दिखाया गया है। उन्हीं लोगों की संशोधित सूची में से नाम गायब है। ऐसे में पहली सूची के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है।
बीते वर्ष 21 अक्तूबर को ग्राम पंचायत विकास अधिकारी की लिखित परीक्षा संपन्न हुई थी। इसका रिजल्ट 4 फरवरी 2013 को घोषित हुआ। इसमें काशीपुर निवासी त्रिवेंद्र बेलवाल ने जिला अल्मोड़ा से सामान्य (स्पोर्ट्स कोटा) के तहत 72.75 प्रतिशत के साथ परीक्षा पास की। त्रिवेंद्र के अलावा इसी कैटेगिरी में गजेंद्र सिंह राणा रोल नंबर-1129158 का फरवरी में जारी रिजल्ट में भारांक 83.75, मनोज कुमार बिष्ट रोल नंबर-1130499 का भारांक 74.50 और अशोक लोहनी रोल नंबर 1130406 का भारांक 72.00 दर्शाया गया था। इसके बाद 5 जून 2013 को जीबी पंत विवि से प्राप्त संशोधित परीक्षा फल समाचार पत्रों में प्रकाशित हुआ। इसमें त्रिवेंद्र सहित अन्य तीन सफल अभ्यर्थियों के नाम नदारद हैं।
जबकि इन अभ्यर्थियों की जगह दो सफल छात्रों का प्रतिशत महज 49 तथा 35.5 फीसदी है। इससे मायूस छात्र अपने को ठगा महसूस कर रहे हैं। इधर त्रिवेंद्र बेलवाल ने बताया कि जब उसका व अन्य तीन अभ्यर्थियों का नाम संशोधित लिस्ट में नहीं दिखा तो उसके होश उड़ गए। बेलवाल ने कहा कि संशोधित परीक्षा परिणाम में फर्जीवाड़ा किया है। इसकी शिकायत वह उच्चाधिकारियों से करेगा।
