फिर सुरक्षा कार्यों का जायजा लेने पहुंचे कमिश्नर

उत्तरकाशी। चार दिनों के भीतर कमिश्नर सुवर्द्धन ने दूसरी बार हेलीकाप्टर से यहां पहुंचकर बाढ़ सुरक्षा कार्यों का जायजा लिया। उनके साथ आए आपदा प्रबंधन सचिव भाष्करानंद जोशी ने मौके पर अधिकारियों को बरसात से पहले बाढ़ सुरक्षा कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
बरसात का सीजन सिर पर आने से जहां तटवर्ती आबादी भविष्य के खतरों को लेकर चिंतित है, वहीं शासन-प्रशासन भी मुस्तैद नजर आ रहा है। अभी चार जून को आपदा प्रभावित क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्यों का जायजा लेकर लौटे मंडलायुक्त ने शुक्रवार को फिर यहां पहुंचकर कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने एक बार फिर सिंचाई विभाग को जरूरी निर्देश जारी किए। आपदा प्रबंधन सचिव भाष्करानंद जोशी ने बड़ेथी-तेखला वैकल्पिक राजमार्ग पर तेखला में बन रहे पुल का निरीक्षण कर बीआरओ को इसके काम में तेजी लाने को कहा।
दोनों अधिकारियों ने डिगिला पहुंचकर वहां प्रस्तावित पुल निर्माण की समीक्षा की। लोनिवि के ईई शंकर राम ने बताया कि वैली ब्रिज निर्माण के लिए निविदा आमंत्रित की गई है। बरसात से पहले पुलों का निर्माण करा लिया जाएगा। इस मौके पर सीडीओ ललित मोहन रयाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

Related posts