हाथों में गैंती, फावड़े लेकर बच्चे कर रहे श्रमदान

उत्तरकाशी। देश-विदेश के प्रतिष्ठित स्कूलों के बच्चे आजकल उत्तरकाशी के गणेशपुर गांव में श्रमदान कर सामुदायिक विकास में सहभागिता की मिसाल कायम कर रहे हैं। दस दिवसीय शिविर में इन स्कूली बच्चों ने यहां बच्चों के खेल मैदान का समतलीकरण, सुरक्षा दीवार, नाली और शौचालय निर्माण का लक्ष्य तय किया है।
राउंड स्क्वायर नेटवर्क से जुड़े देश भर के कई ख्यातिलब्ध स्कूलों के 65 बच्चे छुट्टियों में उत्तरकाशी पहुंचे हैं। यहां वे दयारा, हर्षिल जैसे पर्यटक स्थलों की सैर के साथ ही सामुदायिक विकास कार्यों में सहभागिता का पाठ भी पढ़ रहे हैं। इन बच्चों ने आजकल गंगोत्री राजमार्ग से लगे गणेशपुर गांव में डेरा डाला हुआ है।
हिमालय ट्रस्ट की पहल पर वे यहां विनायक जलाधारित उद्यमिता विकास समूह और गांव के महिला मंगल दल के सहयोग से श्रमदान में जुटे हैं। प्रतिष्ठित स्कूल एवं धनाड्य परिवारों के इन बच्चों का जज्बा देखने लायक है। हाथों में गैंती, फावड़ा लेकर वे यहां बच्चों का खेल मैदान समतल कर रहे हैं। 13 तारीख तक चलने वाले इस शिविर में वे यहां सुरक्षा दीवार, नाली एवं शौचालय का निर्माण भी करेंगे। इन बच्चों की इस अनुकरणीय पहल को यहां सभी लोग सराह रहे हैं।

इन स्कूलों के बच्चे हैं शामिल
दून स्कूल देहरादून, विवेक हाईस्कूल चंडीगढ़, मिलेनियम स्कूल दुबई, आसाम वैली स्कूल, ऑल सेंट स्कूल नैनीताल, विद्या देवी जिंदल स्कूल हिसार, महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल जयपुर, डेली कालेज इंदौर और धीरू भाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल मुंबई।

कोट-
सामुदायिक विकास कार्यों में सहभागिता भी शिक्षा का एक हिस्सा है। हर वर्ष छुट्टियों में ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाता है। इस बार आपदा प्रभावित उत्तरकाशी में शिविर का आयोजन का निर्णय लिया गया।
– अंबिकेश शुक्ला, शिविर संयोजक

प्रतिष्ठित स्कूलों के ये बच्चे पूरी शिद्दत और मेहनत के साथ श्रमदान कर रहे हैं। इस तरह के शिविरों से जहां बच्चों में सामुदायिक विकास की भावना मजबूत होती है वहीं स्थानीय लोगों को भी काफी कुछ सीखने को मिलता है। – पुष्पा चौहान, कोषाध्यक्ष विनायक जलाधारित उद्यमिता समूह गणेशपुर।

छुट्टियों में पर्यटक स्थलों की सैर के साथ ही इस तरह के श्रमदान कार्यों में हमें पूरा मजा आ रहा है। मेहनत के द्वारा काम पूरा होने से मिलने वाला आनंद एक अलग ही अनुभूति देता है।- सिमरन, कर्णिका तिवारी, शिवानी, जाह्नवी, अंकुर

Related posts