
बद्दी (सोलन)। काठा बाजार के कारोबारियों ने उद्योगों से हो रहे गंदे पानी के रिसाव से फैल रहे प्रदूषण को लेकर उद्योग विभाग के खिलाफ मोरचा खोल दिया है। कारोबारियों का दावा है कि गंदे पानी के रिसाव से दुकानों में बैठना मुश्किल हो गया है। कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में एक प्रतिनिधिमंडल सिंगल विंडो विभाग के अधिकारी और प्रदूषण विभाग के अधिकारी से भी मिला और उन्हें इस समस्या से अवगत करवाया।
दुकानदार दीपक कुमार, निर्मल चंद, भूषण शर्मा, सुरेंद्र सिंह, राध्ेा श्याम, गौतम साहनी, रविंद्र कुमार, विनोद, राजेश और गोविंद ने बताया कि कई बार प्रदूषण और उद्योगों के संचालकों को इस बारे में सूचित करके गंदे पानी के रिसाव की समस्या को हल किए जाने की मांग की जा चुकी है, बावजूद इसके अभी तक इस समस्या का समाधान नहीं निकल पाया है। उन्होंने चेताया कि अगर शीघ्र उद्योग संचालकों ने गंदे पानी को बंद नहीं किया तो मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। वहीं उद्योगों को जाने वाले रास्ते को भी बंद कर दिया जाएगा।
कारोबारियों के अनुसार गंदे पानी की दुर्गंध से मार्केट में ग्राहकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। वहीं मार्केट के साथ ईएसआई अस्पताल भी है। लिहाजा यहां आने वाले रोगियों और अस्पताल के स्टाफ को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं इस संबंध में उद्योग विभाग के उपनिदेशक तिलकराज शर्मा से कहा कि उद्योगों से सड़क में गंदा पानी छोड़ा जा रहा है तो इसके बारे में प्रदूषण विभाग को कार्रवाई के लिए लिखा जाएगी। प्रदूषण बोर्ड के अधिशासी अभियंता प्रवीण गुप्ता ने बताया कि उद्योगों को नोटिस जारी करके कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
