पीजी मालिकों पर कसेगा शिकंजा

सोलन। अब सोलन शहर में पीजी (पेइंग गेस्ट) रखने वालों पर नगर परिषद लगाम कसने वाला है। नप सभी पीजी मालिकों पर टैक्स लगाने की तैयारी में है। सोलन में कई निजी कालेज और यूनिवर्सिटी हैं। इनमें हजारों छात्र अध्ययनरत हैं। जिसमें से सैंकड़ों छात्र पीजी के तौर पर रह रहे हैं। छात्रों से पीजी मालिक हजारों रुपये लेने के बावजूद भी परिषद को टैक्स नहीं दे रहे। कहीं-कहीं पर पीजी मालिकों नेे पूरे भवन को पीजी के तौर पर बनाया हुआ है।
करीब 100 पीजी सोलन शहर में
मौजूदा समय में सोलन में छोटे-बडे़ मिलाकर लगभग 100 पीजी हैं। इसमें एक पीजी में करीब 50 से अधिक छात्र व नौकरीपेशा लोग रहते हैं। जिनसे पीजी मालिक तीन से दस हजार रुपये तक मासिक किराया ले रहे हैं। लाखों रुपये की आमदनी के बावजूद पीजी मालिक नगर परिषद को सामान्य टैक्स ही चुका रहे हैं।
30 प्रतिशत तक लगाया जा सकता है टैक्स
पीजी मालिकों से 10 से 30 प्रतिशत तक अधिक टैक्स वसूला जा सकता है। हालांकि नगर परिषद ने इस बारे में अभी विचार नहीं किया है। टैक्स में पीजी में मौजूद प्रतिव्यक्ति के हिसाब से भी लगाया जा सकता है। इस बारे में जल्द ही बैठक में निर्णय लिया जा सकता है।
टैक्स लगाने पर किया जा रहा विचार: पंत
इस बारे में नगर परिषद के अध्यक्ष कुल राकेश पंत ने कहा कि पीजी मालिकों पर टैक्स लगाने पर विचार किया जा रहा है। इस बारे में नगर परिषद की बैठक में विचार किया जाएगा।

Related posts