
नाहन (सिरमौर)। पूरा शहर पीने के पानी को लेकर परेशान है। जल संकट से जूझ रही नाहन की जनता को भरोसा दिलाने के लिए आईपीएच विभाग ने शुक्रवार को लोनिवि कालोनी में लंबे अर्से से चल रहे 3 अवैध कनेक्शन काट दिए हैं। हालांकि विभाग ने मात्र 3 अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई की है, जबकि पूरे शहर में वर्तमान में दर्जनों अवैध कनेक्शन हैं।
शुक्रवार को विभाग के एसडीओ संतोष कुमार, कनिष्ठ अभियंता प्रदीप कुमार अपनी टीम के साथ कार्रवाई की। विभाग की टीम ने अवैध कनेक्शनों की जांच पड़ताल करने के बाद इन्हें तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया।
विभाग के एसडीओ संतोष कुमार ठाकुर ने 3 अवैध कनेक्शन काटे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि ऐसे कनेक्शनों से आम लोगों को पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है। विभाग अपनी जांच पड़ताल लगातार जारी रखेगा। एसडीओ ने बताया कि निजी कनेक्शनों से हो रही लीकेज और टंकियों के ओवरफ्लो जैसे मामलों पर विभाग औचक निरीक्षण कर कठोर कार्रवाई शुरू कर रहा है।
