
करसोग (मंडी)। कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने शुक्रवार को करसोग में प्रचार अभियान के तहत चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए विकास ही सबसे बड़ा मुद्दा है और इसी मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी उपचुनाव लड़ रही है। करसोग पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
करसोग के राम मंदिर परिसर में आयोजित जनसभा में प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश व देश में कांग्रेस पार्टी ने विकास के मुद्दे पर ही जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि प्रेम कुमार धूमल व जय राम ठाकुर बताएं कि उन्होंने करसोग क्षेत्र के विकास के लिए क्या किया। करसोग को नागरिक अस्पताल, कालेज, सड़क, पेयजल योजनाएं कांग्रेस की देन रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार में मंत्री रहते हुए जय राम ठाकुर कभी करसोग आए तक नहीं। अब चुनाव में भाजपा किस मुंह से वोट मांग रही है। उन्होंने कहा कि धूमल ने अपने कार्यकाल में उच्च अधिकारियों को प्रलोभन देकर उनके खिलाफ झूठे केस बनाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि करसोग की जनता के समर्थन से कांग्रेस पार्टी भारी मतों से जीत हासिल करेगी।
विधायक मनसा राम ने कहा कि करसोग क्षेत्र का अगर विकास हुआ है तो इसका श्रेय कांग्रेस पार्टी व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को जाता है। इस मौके पर सिरमौर जिला के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने कहा कि भाजपा स्वार्थ व धार्मिक भावना को भड़काने वाली पार्टी है। कार्यक्रम में हेत राम ठाकुर भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की बेटी अपराजिता, कमला वर्मा, बेला राम आदि मौजूद थे।
