‘खाकी’ की ‘धौंस’ दिखाकर धमकाया ग्रामीण!

बिलासपुर। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के तहत ‘खाकी’ की ‘धौंस’ दिखाकर दो पुलिस कर्मियों ने एक ग्रामीण को कथित तौर पर धमका डाला। मामला जमीनी विवाद का है। आरोप है कि पुलिस के दो जवानों ने गाली-गलौज करने के साथ झगड़े के लिए भी उकसाया। झंडूता के तहत पोली गांव के जनक राज ने डीएसपी हेडक्वार्टर प्रताप ठाकुर से मिलकर सारा दुखड़ा सुनाया। उधर, डीएसपी ने जांच की बात कही है।
जनक राज ने बाकायदा एसपी के नाम लिखा शिकायत पत्र भी पुलिस के अधिकारी को सौंपा है। जनक के मुताबिक वह पोली में अपनी मलकीयती भूमि पर मकान बना रहा है। गांव के कुछ लोगों ने उपायुक्त के पास इसकी शिकायत की है। एक जून को इसकी जांच के लिए एक हेड कांस्टेबल और एक अन्य जवान मौके पर पहुंचे। जबकि शिकायतकर्ता मौके पर मौजूद ही नहीं था। एक पक्ष की अनुपस्थिति के बावजूद दोनों पुलिस जवानों ने समस्त जनता के सामने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। जनक का आरोप है कि पुलिस जवानों ने यहां तक कहा कि दम है तो हमारे साथ लड़ाई करो। ग्रामीणों के साथ डीएसपी के पास पहुंचे जनक ने न्याय की गुहार लगाई है। उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर प्रताप ठाकुर ने कहा कि वह स्वयं मामले की छानबीन कर रहे हैं। जांच के बाद ही वास्तविकता का पता चल सकेगा।

Related posts