विक्रांत का पांच दिन बाद भी सुराग नहीं

भवारना (कांगड़ा)। भवारना थाना के अंतर्गत स्थानीय कस्बे से लापता एक युवक का पांच दिन के बाद भी कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया है। विक्रांत पटियाल तीन जून की शाम से लापता है। विक्रांत की माता के अनुसार विक्रांत तीन जून शाम को तकरीबन आठ बजे अपनी कार में दोस्तों के पास राजपुर टांडा में पढ़ाई करने के लिए गया था। उसने रात 11 बजे तक वापस आने के लिए कहा था। जब वह पूरी रात वापस नहीं आया तो उसकी माता ने चार जून को दोस्तों को फोन किया। उसके दोस्तों ने कहा कि वह उनके पास नहीं आया था। विक्रांत सांई युनिवर्सिटी में बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। उसके पेपर चल रहे थे। दोस्तों की जानकारी के मुताबिक उसने आज पेपर भी नहीं दिया है। पुलिस को विक्रांत की गाड़ी मिल चुकी है।
भवारना पुलिस प्रभारी ब्रह्मदास के अनुसार विक्रांत क ी कार उन्हें पांच जून को हारसीपत्तन पुल पर खड़ी मिली थी। विक्रांत का अभी कोई पता नहीं चल सका है। भवारना पुलिस थाना में विक्रांत की माता अनीता पटियाल ने बेटे के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उनके बेटे की तलाश की जाए। हालांकि, परिजनों ने किसी पर भी कोई शक जाहिर नहीं किया है। एसएचओ ब्रह्मदास ठाकुर ने कहा कि पुलिस युवक की तलाश कर रही है। साथ लगते थानों में भी संपर्क साधा गया है।

फोटो- पांच दिन से लापता विक्रांत पटियाल।

Related posts