10 हजार परिवार सस्ते राशन से वंचित!

सोलन। पंचायतों में नए राशन कार्ड बनाने की मुहिम हांफ चुकी है। इसे विभागीय लापरवाही कहें या पंचायत प्रतिनिधियों की। सैकड़ों परिवारों को सस्ते राशन से महरूम रहना पड़ रहा है। जिला सोलन के खंड विकास कार्यालयों से जुटाएं आंकड़ों के मुताबिक करीब 10 हजार परिवारों के नए राशन कार्ड नहीं बने हैं।
नालागढ़ ब्लाक का आंकड़ा हैरत वाला है। यहां करीब आठ हजार लोगों के नए राशन कार्ड नहीं बन पाए हैं। खाद्य आपूर्ति विभाग ने नए राशन कार्ड बनाने के लिए 30 अप्रैल तक का समय दिया था। तय समय में कार्ड न बनाने पर सस्ता राशन उपलब्ध करवाना पंचायतों की जिम्मेवारी थी। अब आलम यह है कि नए राशन कार्ड न होने पर डिपो संचालक सस्ते राशन की मनाही कर रहे हैं।

ब्लॉक सस्ते राशन से वंचित परिवार
नालागढ़ 8000
कुनिहार 1800
कंडाघाट 500
धर्मपुर 400
सोलन 200

पंचायतें बढ़ा रही कार्ड की संख्या : पाल
इस बारे में नागरिक खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक यादवेंद्र पाल ने कहा कि पंचायतों को कार्ड बांट दिए गए हैं। कई पंचायतों में परिवारों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। जहां पर विभाग ने राशन कार्ड नहीं दिए हैं वहां पुराने कार्ड पर ही राशन बांटने की व्यवस्था की जाएगी। डिमांड के साथ नए कार्ड बनवाने के आर्डर दिए जा रहे हैं।

यहां आई समस्या
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक बीते साल 90 हजार कार्ड बने थे, लेकिन इस बार 01 लाख 05 हजार की डिमांड आ गई। पिछले रिकार्ड के मुताबिक कार्ड छपवाए गए थे, इसमें विभाग कुछ नहीं कर सकता। वहीं नालागढ़ और कुनिहार ब्लाक में करीब सबसे कम कार्ड भेजे गए हैं।

Related posts