
सराहां (सिरमौर)। कुमारहट्टी-नाहन निर्माणाधीन सुपर हाईवे पर कार्यरत एक ट्रांजेक्ट मिक्चर मशीन के पलटने से चालक किशोरी लाल की मौत हो गई है। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया रहा था, लेकिन उनसे रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घटना के अनुसार हाईवे निर्माण में लगे किशोरी लाल निवासी गांव नरिया जिला कानपुर, उत्तरप्रदेश वीरवार को काहन सराहां से बनेठी की ओर जा रहा था। तभी अचानक कनलोग गांव के समीप उसका वाहन सड़क किनारे पलट गया।
हालांकि हादसे की जानकारी नहीं मिलने के कारण घायल किशोरी लाल करीब आधा घंटे तक वाहन के नीचे ही दबा रहा। बाद में किसी ने इसकी सूचना पुलिस और हाईवे अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार माया राम शर्मा मौके पर पहुंचे। हाईवे अधिकारियों द्वारा बाद में क्रेन मंगाकर वाहन को सीधा किया गया। गंभीर रूप से घायल चालक की पीठ पर गंभीर चोट लगी थी। बाद में पीजीआई ले जाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। उधर, पच्छाद के बीएमओ डा. अनुज गुप्ता ने बताया है कि घायल चालक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया था। डीएसपी राजगढ़ बीएस बरागटा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
