
डरोह (कांगड़ा)। डरोह क्षेत्र के खड़ुल गांव में दो दिवसीय माता जगतारणी मेला विधिवत पूजा-अर्चना के साथ धूमधाम से शुरू हो गया। माता जगतारणी मंदिर में शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा और मिनिस्ट्री ऑफ टेक्सटाइल एक्सपोर्ट फॉर हैंडीक्राफ्ट में एक्सपोर्ट काउंसिल नई दिल्ली के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर राकेश शर्मा ने पूजा-अर्चना कर मेले का उद्घाटन किया। मेले के शुभारंभ के साथ ही खड़ुल गांव मां की महिमा से सराबोर हो गया।
इसके बाद मंदिर में सांस्कृतिक कार्यक्रम की धूम मची। सांस्कृतिक कार्यक्रम में क्षेत्र के दर्जनों स्कूली छात्र और छात्राओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। बच्चों ने दमदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
सोनम, सुरजीत, स्वाति, साइना, आकाश, सोनू, तमन्ना, प्रिया, संजल, तन्वी, पारुल, तनु रोहली, मानसी, सुपर्व, शगुन, शीनू, हर्षिता, प्रिया और अभिषेक ने कार्यक्रम में खूब रंग जमाया। सभी प्रतिभागियों को राकेश शर्मा ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के आयोजन में राजकीय माध्यमिक पाठशाला खड़ुल के अध्यापकों और छात्रों का विशेष सहयोग रहा।
छात्रों ने कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा का जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर वीरवार सायं हर वर्ष की तरह मंदिर परिसर में माता के जागरण का भी गुणगान किया। मां का जागरण रात भर चला। इसमें भारी संख्या में लोगों ने मां का गुणगान किया। मां की भेंटों पर श्रद्धालु जमकर झूमे। मंदिर परिसर में भंडारे का भी आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
