
नई दिल्ली। पाक एंबेसी के प्रथम सचिव जरकम रजा की कार का सोमवार को एक नहीं बल्कि दो जगह एक्सीडेंट हुआ था। वसंत विहार में जहां प्रथम सचिव के साथ कथित हाथापाई के बाद उठा विवाद ठंडा भी नहीं हुआ था कि करीब सात घंटे बाद उनकी कार का मोतीबाग इलाके में फिर से एक्सीडेंट हो गया। यहां पर प्रथम सचिव और ट्रक ड्राइवर के बीच हाथापाई तक की नौबत आ गई। पाक एंबेसी के प्रथम सचिव ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ आरके पुरम थाने में मामला दर्ज कराया है। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पाक एंबेसी के प्रथम सचिव जरकम ड्राइवर हैदर के साथ एंबेसी की कार से सोमवार रात को करीब डेढ़ बजे कहीं जा रहे थे। मोतीबाग फ्लाईओवर के पास उनकी कार ट्रक से भिड़ गई। इस पर ट्रक ड्राइवर व प्रथम सचिव के बीच बहस हो गई। बात हाथापाई तक पहुंच गई थी। एक्सीडेंट में पाक एंबेसी की कार काफी क्षतिग्रस्त हो गई। प्रथम सचिव ने इसकी सूचना पुलिस को दी। आरके पुरम थाना पुलिस ने मामला दर्जकर ट्रक चालक अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रक ड्राइवर ने भी आरोप लगाया है कि एंबेसी की गाड़ी गलत ढंग से चल रही थी। इससे पहले एंबेसी की कार की सोमवार शाम करीब पौने सात बजे वसंत विहार में बाइक से भिड़ंत हो गई थी। आरोप है कि बाइक सवार रोहित उर्फ गोल्डी ने अपनी बुआ के साथ मिलकर प्रथम सचिव के साथ हाथापाई की। वसंत विहार थाना पुलिस ने रोहित व उसकी बुआ को गिरफ्तार कर लिया था।
