खनन माफिया का सूचना तंत्र तोड़ने का निकाला तोड़

हरिद्वार। क्षेत्र में खनन रोकने के लिए नव नियुक्त एसडीएम ने एक तोड़ निकाला है। छापेमारने वाली टीम को सूचना सिर्फ रवानगी से पहले ही दी जाएगी। इतना ही नहीं किसी क्षेत्र के लिए कोई टीम फिक्स नहीं की जाएगी। साथ ही खनन की सूचना पर टीम में शामिल सदस्यों के लिए खनन पकड़ना भी जरूरी कर दिया है।
मंगलवार को एसडीएम डीपी सिंह ने तहसील सभागार में अधीनस्थों की बैठक में कहा कि किसी भी सूरत में तहसील क्षेत्र में खनन नहीं होने दिया जाएगा। गठित टीमों का कोई विशेष क्षेत्र नहीं होगा। किसी भी टीम को किसी भी वक्त कहीं भी भेजा जा सकता है। टीम को क्षेत्र में जाकर अवैध खनन सामग्री से लदे वाहन पकड़ना जरूरी होगा। टीमों के सदस्यों बीच-बीच में बदलते रहेंगे। उन्होंने कहा कि अवैध खनन को लेकर कोई भी बहाना नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि टीम को रवानगी से कुछ देर पहले ही सूचना मिलेगी कि उसे कहां जाना है। इसकी जानकारी दूसरी टीम को नहीं दी जाएगी।

एक हफ्ते में दें कब्जों की रिपोर्ट
एसडीएम सदर डीपी सिंह ने लेखपालों को अपने-अपने क्षेत्र में सरकारी भूमि पर कब्जाें की रिपोर्ट देने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। निर्देश दिए कि रिपोर्ट के आधार पर शीघ्र कब्जे हटेंगे। इतना ही नहीं प्रमाण पत्र, खाता खतौनी की नकल आदि के लिए तहसील पहुंचने वाले फरियादियों से चक्कर कटवाने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related posts