बाबा ने फिर किया मोदी को प्रोजेक्ट

हरिद्वार। बाबा रामदेव ने चार जून को एक बार फिर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद के लिए प्रोजेक्ट कर संदेश दिया है कि किस्सा कुर्सी का अब पूरे एक वर्ष तक चलता रहेगा। बाबा एक लाख किलोमीटर की यात्रा कर मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए काम करेंगे। इन्हें यकीन है भाजपा मोदी को प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी घोषित करती है तो पार्टी 300 से अधिक सीटें जीतेगी।
बाबा का मोदी प्रेम चार जून को फिर सामने आ गया। इस चुनावी वर्ष को जागृति और संकल्प वर्ष के रूप में घोषित कर चुके बाबा रामदेव ने संकेत दिया कि जो भाजपाई नेता मोदी को प्रत्याशी बनाने का विरोध कर रहे हैं वे पिछले दरवाजे से कांग्रेस को सशक्त कर रहे हैं। बाबा ने व्यवस्था परिवर्तन की घोषणा करते हुए ऐलान किया है कि निराशा के दौर में देश का उद्धार केवल मोदी ही कर सकते हैं। भाजपा को उन्हें प्रत्याशी बनाने की घोषणा तत्काल कर देनी चाहिए।
चार जून 2011 को बाबा के साथ दिल्ली में जो घटनाक्रम हुआ था उससे वह बेहद आहत हैं। उन्होंने पिछले वर्ष 2012 को चार-पांच जून को अपनी भड़ास दिल्ली जाकर निकाली थी। मंगलवार (चार जून) को प्रात: पतंजलि में यज्ञ करने के बाद बाबा दिल्ली के लिए रवाना हुए। वहां प्रेस कांफ्रेंस कर ऐलान किया कि मोदी के समर्थन में उनका युद्ध जारी रहेगा। बाबा इस वर्ष अपनी लंबी यात्रा एक बार फिर से शुरू करेंगे। हालांकि उन्होंने तिथि की घोषणा नहीं की। लेकिन चार जून को संकल्प एवं जागृति दिवस की तिथि घोषित कर संदेश दिया कि केंद्र की वर्तमान यूपीए सरकार को पलटने के बाद ही उन्हें चैन मिलेगा।

Related posts