डीएम की सख्ती के बाद हरकत में पूर्ति विभाग

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी डा. नीरज खैरवाल की सख्ती के बाद पूर्ति विभाग ने खाद्यान्न कोटा जनता तक पहुंचाने के नियमों का कड़ाई से पालन कराने का ऐलान किया है।
जिलापूर्ति अधिकारी तेजबल सिंह द्वारा जारी विज्ञप्ति में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने के जिलाधिकारी के आदेशों का हवाला देते हुए सत्ता गल्ला विक्रेताओं से महीने की 13 तारीख तक भंडारण से खाद्यान्न, चीनी आदि का कोटा उठा लेने को कहा है। कहा है कि उक्त तिथि के बाद विक्रेताओं को बिना किसी उचित कारण, बगैर उनकी अनुमति के बगैर राशन, चीनी का कोटा नहीं मिलेगा। माह की 15 तारीख से मासिक कोटे के राशन का वितरण होगा।
दुकानों में मूल्य सूची, अन्य विवरणों के साथ ही दुकान खुलने बंद होने का समय अंकित करेंगे। साप्ताहिक बंदी को छोड़कर दुकान सुबह सात बजे से 11 बजे तक, दोपहर तीन बजे से सात बजे तक खुली रखनी होंगी। डीएसओ के पत्र में तमाम वह बातें हैं, जो सार्वजनिक वितरण प्रणाली को लागू करने के लिए होनी चाहिए। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या इन नियमों का पालन इस जिले में नहीं हो रहा है? जो डीएम के आदेश के बाद विभाग के जिम्मेदार अधिकारी को नियमों को लागू करने की याद आई। हम तो यही कहेंगे कि जिलाधिकारी के आदेश के बाद ही सही नियमों को लागू तो करो। पत्र की प्रति डीएम, एडीएम को भी भेजी गई है।

Related posts