सेंट्रो कार से तीन बछड़े बरामद, तस्कर फरार

ऋषिकेश। पुलिस को झांसा देने के लिए मवेशी तस्कर अब ट्रक और लोडर की जगह कार का प्रयोग करने लगे हैं। ऐसे ही एक मामले में रायवाला पुलिस ने सेंट्रो कार से तीन बछड़े बरामद किए हैं, जो गोकशी के लिए ले जाए रहे थे। तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने गोवंश अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जबकि कार सीज कर दी गई।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार तड़के सूचना मिली कि डोईवाला की ओर से आ रही एक सेंट्रो कार में गोकशी के लिए गाय के तीन बछड़े निर्ममता से बांधकर लाए जा रहे हैं। हरकत में आई पुलिस ने तस्करों की धरपकड़ के लिए रायवाला थाने के समीप वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच एक सेंट्रो कार को रुकने का इशारा किया तो चालक ने गति तेज कर दी।
पहले से सतर्क पुलिस ने पीछा कर रायवाला छावनी की ओर जा रहे मार्ग के समीप कार को पकड़ लिया। कार से तीन बछड़े बरामद किए। थाना प्रभारी निरीक्षक मणीभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से भाग निकले। उनकी तलाश में आसपास सघन कांबिंग की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर कार को सीज कर दिया है।

Related posts