
राजगढ़ (सिरमौर)। रेणुका विस क्षेत्र के बोगधार में सड़क दुर्घटना में उपमंडल की ग्राम पंचायत नेहरपाब के गड़ोल गांव के तीन युवकों समेत चार लोगों की मौत से समूचे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
एक ही गांव के तीन युवकों की मौत की सूचना मिलते ही गड़ोल गांव में मातम छा गया। गांव के बीसियों लोग दुघर्टना स्थल की और विभिन्न वाहनों में पहुंचे। मेले को देखने जा रहे इस गांव के तीन युवकों कार के मालिक संजीव कुमार, मुकेश व प्रवीण कुमार के साथ संजीव कुमार के रिश्तेदार विनोद व विपिन भी कार में सवार थे।
विनोद व विपिन सैर जगास के हैं और उन्हें गंभीर चोटें आई है। गांव के लोेगों ने बताया कि संजीव कुमार को कार का बड़ा शौक था। नई कार न खरीद कर उसने कुछ दिनों पूर्व ही सेकेंड हैंड कार खरीदी थी, लेकिन यह कार उसके साथ-साथ तीन अन्य युवकों के मौत का भी कारण बन गई।
ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि सत्तर के दशक में बनी नौहराधार -बोगधार सड़क की हालत चार दशक बाद भी खस्ताहाल है। यह अभी तक पक्की नहीं हो पाई है। प्रदेश सरकार ने तथा लोक निर्माण विभाग ने यदि इस सड़क की दशा को सुधारने पर जरा भी ध्यान दिया होता तो शायद ऐसा हादसा नहीं होते। यही नहीं लोगों का कहना है कि सड़क के किनारों पर पेराफिट तक नहीं बने हैं। यदि यह बने होते तो भी हादसा नहीं होता।
डीएसपी मुख्यालय खजानाराम ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
