सैलानी मीठे सिड्डू तो लोकल मांग रहे मदरा

शिमला। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) की ओर से लगाए गए फूड फेस्टिवल में सैलानियों व स्थानीय लोगों की जमकर भीड़ उमड़ रही है। रिज मैदान स्थित आशियाना रेस्टोरेंट में लगाए गए फूड फेस्टिवल में सैलानियों को मीठा सिड्डू खूब पसंद आ रहा है। सिड्डू के स्टाल पर मंगलवार को खूब भीड़ रही। अफीम दाने और गुड़ से तैयार सिड्डू के सैलानियों ने खूब चटकारे लगाए। फूड फेस्टिवल में पहली बार गुड़ से बने मीठे सिड्डू को मेन्यू में शामिल किया गया है। फूड फेस्टिवल में तैयार किया जा रहा मदरा स्थानीय लोगों खूब भा रहा है। नॉन वेज आइटमों में छा मीट की सबसे अधिक डिमांड है। फूड फेस्टिवल में मंगलवार को चिकन अनारदाना, सेपू बड़ी, घंडयाली का मदरा, दाल रौंगी व बदाने का मीठा परोसा गया।

————————–
फूड फेस्टिवल के अंतिम दिन ये होगा मेन्यू
छा मीट, चना रैंठा, भल्ले का मदरा, पालक पनीर मदरा, राई मूंगी दाल, कद्दू का मीठा

– 200 में वेज, 250 में नॉन वेज थाली
फूड फेस्टिवल के लिए पर्यटन विकास निगम के आशियाना रेस्टोरेंट में वेज और नॉन वेज थाली तैयार की गई है। वेज थाली 200 और नॉन वेज थाली की कीमत 250 रुपये तय की गई है।

पैक करवाकर भी ले जा रहे व्यंजन
फूड फेेस्टिवल में बने लजीज व्यंजनों को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है। फूड फेस्टिवल के दौरान तैयार की जा रही आइटम को लोकल लोग पैक करवाकर घर ले जा रहे हैं। घर पर चावल और रोटी बना कर उसके साथ लजीज व्यंजनों का लुत्फ लिया जा रहा है।
————————————————
चार दिन में एक लाख से अधिक कमाई : चौहान
पर्यटन विकास निगम की ओर से लगाए गए फूड फेस्टिवल को लेकर सैलानियों व स्थानीय लोग में खूब उत्साह है। फूड फेस्टिवल के दौरान चार दिन में निगम ने एक लाख रुपये से अधिक कमाई की है।
– बीआर चौहान
वरिष्ठ प्रबंधक, एचपीटीडीसी

Related posts