
गोहर (मंडी)। लोनिवि के बासा विश्राम गृह में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के पदाधिकारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक संगठन के प्रदेशाध्यक्ष रणजीत सिंह वर्मा की अध्यक्षता हुई। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को चुनावी टिप्स दिए और हर पांच पंचायतों में एक प्रभारी को नियुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने संगठन के प्रभारी वर्ग को अपनी-अपनी कार्यकारिणी का विस्तार करने की भी सिफारिश की। उन्होंने कहा कि पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों तथा वर्तमान सहकारी सभा समितियों के पदाधिकारियों को इसमें शामिल किया जाएगा। प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रचार में रात दिन एक करके कार्य करने की अपील की। उन्हाेंने कहा कि पंजायती राज संगठन हर घर में जाकर लोगों को कांग्रेस सरकार की नीतियों के बारे में जागरूक कर रहा है। रणजीत सिंह ने दावा किया है कि मंडी लोकसभा के उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह रिकार्ड मतों से विजयी होंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी मजबूरी में खड़े हुए हैं। जिससे उनकी हार निश्चित है। इस मौके पर संगठन के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रभारी रोशन लाल शर्मा, नाचन के अध्यक्ष ब्रह्मदास चौहान, संगठन के जिला महामंत्री घनश्याम शर्मा, मीरा कुमारी सचिव जिला मंडी, हरीश शर्मा ब्लाक मंडल महामंत्री नाचन, तुलसी दास शर्मा उपाध्यक्ष मंडी, दुगला राम पूर्व प्रधान एवं सलाहकार नाचन, नारायण दास, राम चंद्र, डूमणु राम सचिव व गोविंद राम समेत अनेक कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।
