12 अफसर बने चुनाव समन्वयक अधिकारी

चंबा। मंडी संसदीय उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा बैठक उपायुक्त एवं जिला चुनाव अधिकारी संदीप कदम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 12 जिला अधिकारियों को चुनाव अवधि के लिए समन्वयक अधिकारी नियुक्त किया गया है। जो चुनावी प्रक्रिया को सुचारु रूप से कार्यान्वित करने के लिए उत्तरदायी होंगे। मेन पावर मैनेजमेंट और आदर्श आचार संहिता की पालन व्यवस्था का संचालन उपायुक्त संदीप कदम करेंगे। इसके अलावा ईवीएम के रखरखाव से लेकर मशीन के अंतिम चरण की प्रक्रिया की व्यवस्था के लिए जिला पंचायत अधिकारी रमेश चंद, चुनाव अवधि में परिवहन व्यवस्था के लिए सहायक आयुक्त दीप्ति कपूर और चुनाव संबंधी ट्रेनिंग के लिए निर्वाचन तहसीलदार हरबंस लाल धीमान और नायब तहसीलदार निर्वाचन नवजीवन मनकोटिया को नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव अवधि में प्रत्याशियों की ओर से व्यय विवरण को एकत्रित करने तथा संबंधित दस्तावेजों की निगरानी का कार्य परियोजना अधिकारी डीआरडीए राम प्रसाद देखेंगे। कानून व्यवस्था का दायित्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुलवंत ठाकुर के जिम्मे रहेगा। मीडिया को सूचनाएं उपलब्ध करवाने के लिए सहायक लोक संपर्क अधिकारी अमीन शेख चिश्ती और चुनाव प्रक्रिया की जानकारी संबंधी सूचना और कंप्यूटराइजेशन प्रक्रिया के लिए जिला सूचना अधिकारी आशीष शर्मा अपनी सेवांए देंगे। मतदाताओं को जागरूक करने की भूमिका प्रारंभिक शिक्षा उप निदेशक सुशील पुंडीर की रहेगी। उपायुक्त संदीप कदम ने सभी समन्वयक अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। बैठक के दौरान एसपी बीएम शर्मा विशेष तौर से उपस्थित रहे।
बाक्स
11.24 लाख मतदाता करेंगे भाग्य का फैसला
मंडी उप-चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 11लाख 24हजार 770 है। इसमें 5 लाख 66 हजार 946 पुरुष, 5 लाख 46 हजार 140 महिला और 11 हजार 684 सर्विस मतदाता है। उन्होंने कहा कि इस उप-चुनाव के लिए कुल 1921 मतदाता केंद्र 6 जिलों में स्थापित किए जाएंगे। इसमें किनौर में 118, शिमला में 136, कुल्लू में 774, मंडी में 967, लाहौल स्पीति में 68 और चंबा जिला के भरमौर में 137 मतदाता केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

Related posts