
रामपुर बुशहर। सांसद एवं रामपुर, आनी, किन्नौर के भाजपा चुनाव प्रभारी वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के राज में रामपुर अपेक्षा का शिकार रहा। केंद्र की यूपीए सरकार ने लोगों को भ्रष्टाचार और महंगाई के अलावा कुछ नहीं दिया। मंडी संसदीय सीट से भाजपा के उम्मीदवार जयराम ठाकुर लोगों के हर दुख-सुख को जानते हैं।
ऐसा पहली बार हुआ कि प्रदेश से वीरभद्र सिंह और आनंद शर्मा केंद्रीय मंत्री रहे लेकिन इसके बाद भी हिमाचल के लिए औद्योगिक पैकेज घटा दिया गया। भाजपा ने विरोध करके इसे 2010 तक करवाया था। इसके चलते प्रदेश से उद्योग दूसरे राज्यों को पलायन कर रहे हैं। इसका असर रोजगार पर पड़ रहा है। पूर्व में जब प्रतिभा सिंह सांसद रहीं तो प्रदेश के लिए किसी भी प्रकार की योजना नहीं ला पाईं। कांग्रेस ने भी सत्ता में आने के बाद अभी तक अपना कोई भी वायदा पूरा नहीं किया।
भाजपा ने ननखड़ी में जो कालेज खोला था, उसे भी कांग्रेस ने बंद करवा दिया। इससे साफ होता है कि कांग्रेस यहां के लोगों के लिए क्या सोचती है। युवाओं को बेरोजगारी भत्ते ने नाम पर ठगा गया है। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष विजय सिंह विष्ठ, भाजपा प्रत्याशी रहे प्रेम सिंह द्रैक, विनय शर्मा, सुषमा मखैक, ऊषा चौहान सहित भाजपा मंडल के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
