
नई दिल्ली। आईपीएल मैचों में सट्टा लगाने से हुए लाखों रुपये की नुकसान की भरपाई के लिए कर्मचारी ने कंपनी मालिक को ही लूटने की साजिश रची। उसने तीन सहयोगी के साथ मालिक से 27 लाख रुपये लूट लिए। हालांकि, महज 12 घंटे में ही पुलिस ने चारों आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस उपायुक्त पी. करुणाकरन ने बताया कि एक जून की रात को पीतमपुरा में लैपटॉप बैग लूटे जाने की सूचना मिली। पुलिस को पीड़ित ने बताया कि वह अपने कार्यालय से आईटेन कार में घर के लिए निकला था। इसी दौरान बाइक सवार तीन लोगों ने उसका लैपटॉप बैग समेत दो बैग लूट लिए। एक बैग में 26.79 लाख रुपये थे। पुलिस को जांच के दौरान व्यवसायी की कंपनी में काम करने वाले पीतमपुरा निवासी गार्ड गुड्डू से पूछताछ की तो उसने बताया कि आईपीएल मैच के दौरान सट्टे में उसे एक लाख रुपये का नुकसान हुआ था। साथ ही उसके दोस्त सुल्तानपुरी निवासी राजीव को भी 50 हजार रुपये का घाटा हुआ था। दोनों ने नुकसान की भरपाई के लिए पीतमपुरा निवासी सचिन मेहता और कृष्ण विहार निवासी अजय के साथ वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने राजीव के पास से 23 लाख रुपये और लैपटॉप बरामद कर लिया। जबकि मनोज के पास से 1.96 लाख रुपये मिले हैं।
