एडीएम प्रशासन करेंगे जंगल में मंगल की जांच

देहरादून। चकराता वन प्रभाग के बैराटखाई में जंगल के बीच बने रिजार्ट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। अमर उजाला की खबर का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी बीवीआर सी पुरुषोत्तम ने मामले में जांच बैठा दी है। इसको लेकर सोमवार को आदेश भी जारी कर दिया गया। जांच का जिम्मा अपर जिलाधिकारी (एडीएम) प्रशासन हरक सिंह रावत को सौंपा गया है।
अमर उजाला ने सोमवार के अंक में ‘जंगल में मंगल पर हर कोई खामोश’ शीर्षक से एक विस्तृत रिपोर्ट प्रकाशित की थी। इसमें उल्लेख किया गया था कि किस तरह से भू कानून का उल्लंघन करके रिजार्ट का निर्माण किया गया है। पिछले दस साल से कालसी के बैराटखाई में यह रिजार्ट चल रहा है। इसको लेकर पूर्व में भी खबरें प्रकाशित की गई थीं, लेकिन तंत्र खामोश था। जिलाधिकारी बीवीआर सी पुरुषोत्तम ने बताया कि इस मामले में कैसे नियमों का उल्लंघन हुआ, काश्तकारों से कैसे 100 रुपये के स्टांप पर लीज ली गई है? इसकी जांच अपर जिलाधिकारी प्रशासन हरक सिंह रावत को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल गंभीर सिंह ने बताया कि प्रभागीय वन अधिकारी चकराता से विस्तृत रिपोर्ट मंगाई जा रही है। मौके पर रिजार्ट की जांच के बाद ही कुछ कह पाना संभव होगा।

Related posts