उफनती नदी में नाव का इंजन फेल, जोखिम में पड़ीं 13 जानें

ऋषिकेश। बिना सुरक्षा उपकरणों के त्रिवेणीघाट पर एक नाव में सवार सात बच्चों समेत 13 लोगों की जान उस वक्त खतरे में पड़ गई, जब उफनती नदी के बीचोंबीच नाव का इंजन फेल हो गया। नाव गंगा के उफान के साथ तेज गति से बहने लगी, जिससे उसमें सवार लोगों के हाथपांव फूल गए। वह मदद की गुहार लगाने लगे। नाव को बहता देख तट पर घूम रहे लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर दौड़ी पुलिस ने बामुश्किल रस्से डालकर नाव को सुरक्षित किनारे लगाया। तब जाकर नाव में सवार लोगों की जान में जान आई।
सोमवार शाम त्रिवेणीघाट स्थित नाव घाट से एक नाव सवारियों को गंगा की सैर पर लेकर मायाकुंड की ओर रवाना हुई। नाव में चालक सहित 13 लोग सवार थे। इस बीच जैसे ही नाव बीच नदी में पहुंची अचानक उसका इंजन बंद हो गया, जिसके बाद नाव गंगा के तेज बहाव के साथ बहने लगी। चालक ने इंजन दोबारा स्टार्ट करने की कोशिश की लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। नाव को बहता देख उसमें सवार लोगों की सांसें थम गईं। घबराए लोगों ने मदद की गुहार लगाई। इस दौरान तट पर घूम रहे लोगों ने नाव का इंजन फेल होने की सूचना त्रिवेणीघाट चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक नाव तेज बहाव के साथ काफी आगे निकल चुकी थी।
पुलिसकर्मियों ने आस्थापथ पर दौड़ लगाकर नाव का पीछा किया, उन्होंने करीब डेढ़ किमी. दूर र्साइं घाट के पास नदी में रस्से डालकर नाव को बामुश्किल किनारे पहुंचाया। तब जाकर नाव में सवार लोगों की जान में जान आई। पुलिस ने बताया कि नाव में स्वामी रूपानंद, लीलानंद, सर्वतोदास, प्रिया, तरुण, विशाल, तुलसी, गोपी, वरुण सभी निवासी कृष्ण कुंज आश्रम, मायाकुंड और विवेक तिवारी निवासी वीरभद्र, कृष्ण तिवारी निवासी गंगानगर और चालक माता प्रसाद सवार थे।

नाव में नहीं थे सुरक्षा इंतजाम
ऋषिकेश। दर्जनभर लोगों की जान जोखिम में डालने वाली नाव में संचालक/चालक द्वारा सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए थे, जबकि नाव में सात बच्चे सवार थे। मौके पर सेफ्टी बोट का इंतजाम भी नहीं किया गया। ऐसे में बिना सुरक्षा उपकरणों के उफनती नदी में नाव को उतारना लोगों की जान जोखिम में डालना ही कहा जाएगा। तेज बहाव में इंजन फेल होने से यदि नाव नदी में पलट जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

बिना सुरक्षा उपकरणों के लोगों की जान जोखिम में डालने वाली इस घटना की जांच की जाएगी। लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विनोद थपलियाल,चौकी इंचार्ज त्रिवेणीघाट पुलिस।

Related posts