
चंपावत/लोहाघाट। जिले में ग्राम पंचायतों का परिसीमन का कार्य पूर्ण करने के बाद अब क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत क्षेत्रों के परिसीमन का कार्य शुरू किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी जेके तिवारी के अनुसार चंपावत ब्लाक में डड़ा बिष्ट, बिचई, मंच, चंदनी, कांडा, सिलिंगटाक, मौनपोखरी, देवीपुरा नई ग्राम पंचायतें अस्तित्व में आने से अब इस ब्लाक में में 107 ग्राम पंचायतें हो गई हैं। इसी प्रकार लोहाघाट ब्लाक में सुदर्का नई ग्राम पंचायत बनने से यहां ग्राम पंचायतों की संख्या 66, बाराकोट में ओखलंज ग्राम पंचायत के अस्तित्व में आने से 48 ग्राम पंचायतें हो गई हैं। इसी प्रकार पाटी में टाकबलवाडी, डसिया चामी, थापलागूंठ तथा चौड़ामेहता नई ग्राम पंचायतें बनने से ग्राम पंचायतों की संख्या 83 हो गई है।
उधर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बीसी श्रीवास्तव के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में जिले के 1,68,538 लोग मतदान में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि पाटी ब्लाक में 41614, लोहाघाट में 37804, बाराकोट में 24438, चंपावत में 64682 मतदाता हैं। निर्वाचक नामावलियों का आम लोगाें के लिए अंतिम प्रकाशन की तिथि 12 जून निर्धारित की गई है। वर्तमान में डाटा इंट्री का 80 फीसदी कार्य पूरा कर लिया गया है।
