संदिग्ध हालत में मृत मिला बाइक सवार

टनकपुर। जिले के खेतीखान क्षेत्र का पूर्व ग्राम प्रधान राजमार्ग के किनारे संदिग्ध हालात में मृत पड़ा मिला। वह बाइक में सवार में था। मौत का कारण सड़क दुर्घटना है या कोई और वजह यह पता नहीं चल सका है। अलबत्ता पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोमवार दोपहर टनकपुर-बनबसा राजमार्ग में मनिहारगोठ तिराहे के पास बाइक सवार एक व्यक्ति मृत पड़ा मिला। उसकी बाइक उसके शव के ऊपर गिरी थी और पास ही हेलमेट भी पड़ा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच घटना स्थल का जायजा लेकर शव को कब्जे में ले लिया। प्रभारी कोतवाल लक्ष्मण सिंह बिष्ट ने बताया कि मृतक की शिनाख्त खेतीखान (चंपावत) के गौसनी गांव निवासी पूर्व ग्राम प्रधान बाला दत्त कापड़ी (48) पुत्र उमापति कापड़ी के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि मृतक खटीमा से अपनी बाइक यूके 03/6003 में टनकपुर की ओर आ रहा था। घटना स्थल के हालात से उसकी मौत के कारण को लेकर संदेह है। उसकी बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मारी या फिर किसी और कारण से वह हादसे का शिकार हुआ इसे लेकर पुलिस भी संशय में है। प्रभारी कोतवाल ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

Related posts