योजनाओं के चयन में जनता के हितों का ध्यान रखें

चंपावत। नवागत जिलाधिकारी दीपेंद्र कुमार चौधरी ने अधिकारियों से विकास कार्यों और योजनाओं के चयन में जनता के हितों को ध्यान में रखने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने कहा कि सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का आम जनता को शत प्रतिशत मिल सके इसके लिए अधिकारियों को पूरे प्रयास करने ही होंगे। उन्होंने अधिकारियों से गांवों में जाकर रात्रि विश्राम करने और जनसमस्याओं का निराकरण करने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने विभिन्न योजनाओं में प्राप्त धनराशि को समय पर खर्च न करने की परिपाटी को समाप्त करने के निर्देश देते हुए निर्माण कार्यों में पूर्ण गुणवत्ता और समयसीमा का ध्यान रखने को कहा। डीएम ने जिला योजना, राज्य सेक्टर, केंद्र सहायतित और वाह्य सहायतित योजनाओं की 2013-14 की प्रगति की समीक्षा भी की। इससे पूर्व मुख्य विकास अधिकारी जे.के तिवारी ने जिले में संचालित हो रहे विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर एसडीएम प्रत्यूष कुमार, डीएफओ एके गुप्ता, ईई पीएमजीएसवाई जेसी जोशी, लोनिवि ईई नवीन पंत, पावर कारपोरेशन के ईई चंदन सिंह बस्नेत, आरईएस के ईई इंद्रलाल आर्य, डा. आरके जोशी, डा. सुरेश उप्रेती, जिला शिक्षाधिकारी बेसिक आनंद भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts