आधार कार्ड बनाने वाले रहे गैरहाजिर

लोहाघाट। पाटी में आधार कार्ड बनबाने आए एससी-एसटी बच्चों को आज उस समय भारी निराशा हुई जब कार्ड बनाने वाली टीम का कोई भी प्रतिनिधि वहां मौजूद नहीं था। बताया गया है कि टीम अन्यत्र चली गई है। बच्चों की फजीहत को देखते हुए दर्जा राज्यमंत्री खुशाल सिंह अधिकारी की मौजूदगी में बीईओ जेएस मर्तोलिया और प्रभारी तहसीलदार बीएस माहरा ने एक से तीन जून तक विभिन्न विद्यालयों के लिए कार्ड बनाने को रोस्टर तैयार किया गया था। कंपनी के लोग एक दिन पहले ही यहां से अन्यत्र चले गए। इसकी सूचना तक उन्हाेंने संबंधित अधिकारियों को नहीं दी।
एससी-एसटी महासंघ के जिलाध्यक्ष पनीराम के अनुसार अभी तक मात्र 40 फीसदी बच्चों के ही कार्ड दो तीन दिन की मशक्कत के बाद बन पाए हैं। शेष छात्र अभी भी आधार कार्ड से वंचित हैं। बीईओ श्री मर्तोलिया के अनुसार छात्रवृत्ति पाने वाले 2500 बच्चों के कार्ड बनाए जाने हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि कार्ड बनाने वाली कंपनी की मनमानी के चलते बच्चों को अनावश्यक रूप से परेशान होना पड़ रह है। उन्होंने जिलाधिकारी को वस्तुस्थिति से अवगत कराने का निर्णय लिया है। एससी-एसटी महासंघ ने लधिया घाटी क्षेत्र के बच्चों के लिए रीठासाहिब में अलग से शिविर लगाने की मांग की है।

Related posts