पुलिस रेंज समाप्त करने से भाजपा नाराज

चंपावत। पुलिस का पिथौरागढ़ रेंज समाप्त किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार राजनैतिक पूर्वाग्रहों के कारण राज्य की सुरक्षा के साथ ही खिलवाड़ करने में लगी है। सरकार ने दो वर्ष पूर्व स्थापित किया गया पुलिस का पिथौरागढ़ रेंज समाप्त कर दिया है। इस रेंज के अधीन चंपावत, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिले रखे गए थे। इस रेंज में पुलिस उपमहानिरीक्षक की तैनाती की गई थी। उनके साथ अन्य स्टाफ भी रहता था। भाजपा के जिला महामंत्री गोविंद सामंत, मंडल अध्यक्ष मुकेश कलखुड़िया, वरिष्ठ नेता हिमेश कलखुड़िया ने कहा है कि सरकार को तत्काल यह फैसला वापस लेना चाहिए और पुलिस रेंज का अस्तित्व बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार के गलत फैसलों का भाजपा लगातार विरोध करती रहेगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि ऐसे मामलों में वह भी तत्काल आवाज उठाएं ताकि सरकार मनमानी न कर सके।

Related posts