
उत्तरकाशी। मानव तस्करी रोकना पुलिस के लिए चुनौती बनता जा रहा है। इसे रोकने के लिए पुलिस अब अभियान चलाने जा रही है। इसके तहत गांव और स्कूलों में जाकर बच्चों को अपरिचितों के झांसे में न आने के लिए जागरूक किया जाएगा।
सोमवार को पुलिस लाइन में शुरू हुई दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में जिले के विभिन्न थानों और चौकियों में तैनात पुलिस कर्मियों को मानव तस्करी रोकने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। मास्ट्रर ट्रेनर एसआई हीरामणि पोखरियाल व मनवर सिंह नेगी ने पुलिस कर्मियों को मानव तस्करी के कारणों के बारे में बताया। कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों से अधिकतर महिलाओं को झांसा देकर देह व्यापार और बच्चों को बाल श्रम के लिए ले जाया जाता है। बताया गया कि मानव तस्करी रोकने के लिए जन जागरूकता की जरूरत है। इसके लिए पुलिस को गांव और स्कूलों में अभियान चलाना होगा। कार्यशाला में अपराध नियंत्रण के लिए कानून में किए गए नए प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। इस मौके पर सीओ महेंद्र सिंह रावत, थानाध्यक्ष जेपी कुकरेती, और दिनेश कुमार, चौकी प्रभारी भास्कर थपयिाल, आरआई जगदीशचंद पाठक, अजय कुमार, वीरेंद्र रावत आदि उपस्थित रहे।
