
उत्तरकाशी। पुजारगांव भंडारस्यूं के लिए पांच वर्षों में ढाई किमी सड़क न बन पाने से ग्रामीणों में रोष है। लोगों ने लोनिवि अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचकर शीघ्र सड़क तैयार न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी।
सड़क की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2008 में स्यालना मोटर मार्ग से पुजारगांव भंडारस्यूं के लिए ढाई किमी सड़क स्वीकृत हुई थी। शुरूआती आधा किमी सड़क बनने के बाद से यहां काम ठप है। ऐसे में पांच सौ से अधिक आबादी वाला यह गांव अब तक सड़क मार्ग से वंचित है। ग्रामीणों ने लोनिवि एसई से शीघ्र सड़क का निर्माण कराने की मांग की। बीस दिनों के भीतर यहां काम शुरू न होने पर उन्होंने भूख हड़ताल की चेतावनी दी। इस मौके पर मूर्तिराम, फरशूराम, बृजमोहन, चंद्रमोहन, पुरुषोत्तम आदि मौजूद थे।
