चीनी के व्यापारी के साथ धोखाधड़ी

नालागढ़ (सोलन)। चीनी के एक थोक व्यापारी को उसके ही नौकर ने दगा देकर करीब 2.80 लाख रुपये की धनराशि का चूना लगा दिया है। व्यापारी ने चीनी से लदा एक वाहन उसने पार्टियों के पास भेजा था। एक नौकर इस माल के पैसे लेकर भाग गया। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक नालागढ़ थाना पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में भगवान दास नागपाल पुत्र चरणदास निवासी मकान नंबर 266 फेज 3 बद्दी ने बताया कि वह ओम ट्रेडिंग कंपनी नाम से लाज धर्मकांटा के समीप बिलांवाली रोड पर चीनी का थोक व्यापारी का काम करता है। उसके पास चार नौकर जवर सिंह, मोती लाल, पप्पू और वासुदेव सैणी काम करते हैं।
व्यापारी का आरोप है कि उसके पास पार्टियों को माल भेजने के लिए पिकअप वाहन है, जिसमें वह पार्टियों को माल भेजता है। पहली जून को उसने बद्दी से नालागढ़ के लिए मोहन लाल किशोरी लाल को 99000 रुपये, वर्धमान किरयाना स्टोर को 99000 रुपये व बीके बर्द्स को 82250 रुपये का माल भेजा, जिसकी कुल कीमत 2,80,250 रुपये है। इसके नौकर वासुदेव सैणी पुत्र हेतराम निवासी गांव और डाकघर चंदोसी, जिला मुरादाबाद यूपी को पार्टियों ने पैसे दे दिया। जब वासुदेव पार्टियों से पेमेंट लेने गया था तो काफी देर तक वह वापस नहीं आया, जिस पर पिकअप ड्राइवर ने उसे फोन किया तो वासुदेव ने 15 मिनट में आने की बात कही और अपना फोन बंद कर दिया। इसके बाद पिकअप ड्राइवर उसका इंतजार ही करता रह गया, लेकिन वासुदेव नहीं आया। एसपी बद्दी एस अरूल कुमार ने कहा कि पुलिस ने धारा 408 के तहत गबन का मामला दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और अन्य राज्यों की पुलिस से संपर्क किया जा रहा है, शीघ्र ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।

Related posts