
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ की पुलिस से चोर शातिर हो गए हैं। हाल ही में न्यू नालागढ़ में हुई चोरी की घटना में पुलिस चोरों तक पहुंच ही नहीं सकी है और फिर न्यू नालागढ़ में चोरों ने एक उद्योग के वाइज प्रेजीडेंट के घर सेंध लगाई है। लैपटॉप, नकदी व कीमती जेवरों सहित सामान उड़ा लिया है।
इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सरजे राव पुत्र ज्योति राव निवासी फेज-2, न्यू नालागढ़ शॉप नंबर 1516 तहसील नालागढ़ ने पुलिस में दर्ज बयान में बताया कि वह यहां किराये के मकान में रहता है और इसके साथ ही एक नामी उद्योग के वाइस प्रेजीडेंट मंगेश बागड़े ने भी किराए का मकान ले रखा है। पहली जून को वह मंगेश बागड़े व परिवार सहित नासिक गए थे और मकान में ताला लगा गए थे, लेकिन जब 2 जून को करीब एक बजे वापस पहुंचे तो मंगेश बागड़े के मकान के दरवाजे के ताले टूटे हुए देखे और दरवाजे खुले पाए गए। मकान के भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। उन्होंने कमरे के भीतर जाकर देखा तो कमरे में रखी अलमारी के ताले भी टूटे हुए पाए, जिस पर उसने तुरंत मंगेश बागड़े को फोन पर सूचित किया और बताया कि अलमारी के अंदर चांदी के बर्तन, सोने के गहने व लैपटॉप सहित 10,000 रुपये नकदी रखी हुई थी, जिसे चोरों ने चुरा लिया है।
