
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के हरायपुर में किराये के मकान में रह रही एक युवती की गिरने से मौत हो गई है। मृतक युवती मांगी देवी (18) मंडी जिले के गांव माणी, पोस्ट आफिस व तहसील चौकी की रहने वाली थी। पुलिस ने पीजीआई में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार 1 जून को मांगी देवी हरायपुर स्थित अपने किराए के मकान में चक्कर आने से गिर गई थी। उसके सहेलियों ने उसे उपचार के लिए स्थानीय चिकित्सालय पहुंचाया लेकिन हालत नाजुक होने पर उसके परिजन उसे पीजीआई ले गए, जहां पर युवती ने देर रात्रि दम तोड़ दिया है। मांगी देवी बद्दी के एक उद्योग में नौकरी करती थी तथा हरायपुर में यशपाल के मकान में किराये के कमरे में रहती थी। मांगी देवी के पिता शोभा राम ने बताया कि उनकी बेटी को चक्कर आने की बीमारी थी तथा इससे पहले भी उसे कई बार चक्कर के दौरान चोट आई। इस संबंध में एसपी अरुल कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक युवती का पीजीआई में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है।
