बांगरन सिंचाई योजना एक महीने से बंद

धौलाकुआं (सिरमौर)। क्षेत्र की बांगरन उठाऊ सिंचाई योजना पिछले एक महीने से बंद होने के कारण सैकड़ों बीघा भूमि बंजर पड़ गई है। इस भूमि पर जंगली घास उग आई है। लोग पहले इस भूमि पर फसल उगाते थे। बांगरन उठाऊ सिंचाई योजना की दोनों मोटरें एक माह पूर्व जल गई थीं। ये मोटरें पुरानी हो चुकी थीं मगर विभाग ने इन्हें बदलने की कोई योजना नहीं बनाई।
सिंचाई योजना के ठप होने से क्षेत्र के किसानों को नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। किसानों शेर सिंह, मंगल सिंह, दर्शन सिंह, दौलत राम व गुमान सिंह आदि ने बताया कि बारिश न होने के कारण गन्ने की फसल सूखने लगी है। सिंचाई ही एकमात्र जरिया था मगर एक माह से सिंचाई का पानी भी नसीब नहीं हो रहा। धान की सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा। किसान खरीफ की फसल की बीजाई भी नहीं कर पा रहे।

आईपीएच विभाग के एसडीओ देवानंद पुंडीर ने बताया कि योजना की मोटरें ठीक करवाई जा रही हैं। जल्द ही किसानों को सिंचाई का पानी मुहैया करवाया जाए।

Related posts