
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज के आपातकालीन वार्ड में मरीजों को अब पीजीआई की तर्ज पर सुविधा मिल पाएगी। इस वार्ड से पुराने बिस्तरों को हटाया जाएगा और इनकी जगह रिवॉलविंग बैड लगाए जाएंगे। इससे मरीजों को बिस्तर से बार बार स्ट्रेचर पर बदलने की जरूरत नहीं रहेगी। यह बिस्तर आरामदायक होंगे और इन पर मरीजों को आसानी से एक्सरे, सीटी स्कैन और एमआरआई व अन्य टेस्ट के लिए ले जा सकते हैं।
मौजूदा समय में आईजीएमसी के आपातकालीन वार्ड में बारह बिस्तर हैं। इनकी जगह चौबीस नए बिस्तरों को लगाने की योजना पर काम चल रहा है। इस व्यवस्था के लागू होने से एक साथ चौबीस मरीज वार्ड में रह पाएंगे। अभी बारह से अधिक मरीजों के आने पर इन्हें आम स्ट्रेचर पर रखा जाता है। ड्यूटी पर मौजूद कैजुअल्टी मेडिकल अफसर का कमरा भी वार्ड के भीतर सामने बनाया जा रहा है ताकि रात के समय मरीजों को किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े। वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. रमेश ने कहा कि आपातकालीन वार्ड में बारह की जगह चौबीस नए बिस्तर लगाए जा रहे हैं।
