
मंडी। सदर मंडल भाजपा शहरी इकाई की बैठक रविवार को पार्टी कार्यालय में हुई। इसकी अध्यक्षता वरिष्ठ उपाध्यक्ष बालक राम और पूर्व विधायक कन्हैया लाल ने की। बैठक में शहर के 13 वार्डों में चुनाव प्रचार शुरू करने पर मंथन किया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि 4 से 6 जून तक सायं पांच बजे से शहर के सभी वार्डों में प्रचार अभियान शुरू किया जाएगा। अवकाश वाले दिन यह प्रचार अभियान सुबह और सायं के समय शुरू होगा।
मंगलवार को वार्ड नंबर एक खलियार से चुनाव प्रचार की शुरुआत की जाएगी। इसमें 25-25 महिला, युवा कार्यकर्ता टोली घर-घर जाकर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट मांगेंगे। सभी वार्डों में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन भी किया जाएगा। इस दौरान शहरी क्षेत्र के मंडल, जिला, प्रदेश पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य और वार्डों के बूथ अध्यक्ष विशेष रूप से टोलियों के साथ रहेंगे।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष बालक राम और पूर्व विधायक कन्हैया लाल ने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि एकजुट होकर प्रत्याशी की जीत के लिए कमर कस लें।
बैठक में प्रदेश सचिव पायल वैद्य, महिला मोर्चा अध्यक्ष अंजना सोनी, महामंत्री रोशनी चौहान, पूजा, संतोष, ब्रजेश बैहल, विमला मेहरा, विद्या वैद्य, चेतन प्रकाश, नरेंद्र ठाकुर, विशाल ठाकुर, पंकज वालिया, ललित पटियाल, प्रेमलता, वंदना, प्रकाश, जितेंद्र, उमेश, विशाल, परस राम, राज कुमार, इंद्र सिंह, चमन लाल व अरुणेश सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
