
सिहुंता (चंबा)। स्थानीय थाना के अंतर्गत एक क्षेत्र के एक नाबालिग बेटे द्वारा अपने ही घर से गहने चोरी करके सुनार को बेचने के मामले में पुलिस ने आरोपी सुनार की दुकान से गहने बरामद कर लिए हैं। सोमवार को पुलिस आरोपी सुनार की दुकान पर पहुंची। पुलिस चौकी सिहुंता के प्रभारी नरूप सिंह गुलेरिया ने पुलिस दल के साथ आरोपी अशोक कुमार से गहनों की बरामदगी की। आरोपी ने गहने पिघला दिए थे। उसने सोने के गहनों की छड़ी और चांदी के गहनों का बिस्कुट बना दिया था। इसके अलावा एक नाक की तीली बची थी जिसे नहीं पिघलाया था। गहनों के मालिक ने सोने की तीली को पहचान लिया। नाबालिग किशोर ने सुनार को तीन सेट बालियां, छह चांदी की चूड़ियां, दो सेट पंजेब, मांग टिक्का, सोने और चांदी की अंगूठियां, गजरा और अन्य गहने बेचे थे। इनकी कीमत एक लाख बीस हजार रुपए के करीब थी। पुलिस ने जेवरात कब्जे में ले लिए हैं। इस मौके पर नाबालिग परिजन मौजूद रहे। चौकी प्रभारी नरूप सिंह ने बताया कि आरोपी को मंगलवार को डलहौजी कोर्ट में पेश किया जाएगा। वह अभी पुलिस रिमांड पर चल रहा है।
