भाजपा ने चुनाव प्रचार को कार्यालय खोला

रामपुर बुशहर। भाजपा ने लोकसभा उपचुनाव प्रचार के लिए यहां कार्यालय खोला। सोमवार को पाटबंगला में शिमला के सांसद वीरेंद्र कश्यप ने कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सांसद ने रामपुर के कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाया और प्रत्याशी के समर्थन में पूरे जोश के साथ चुनाव प्रचार शुरू करने के लिए कहा। सांसद ने कहा कि प्रत्याशी जयराम ठाकुर को अधिक से अधिक लीड दिलवाने के लिए हर कार्यकर्ता कोशिश करें। इसके लिए गांव-गांव जाकर प्रचार किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों और केंद्र सरकार के भ्रष्टाचार को मुख्य मुद्दा बनाकर जनता के बीच जाने को कहा। इसके साथ ही ननखड़ी कालेज बंद करने और स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में खाली पदों के मामले को भुनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के चार माह के कार्यकाल में कोई नया कार्य नहीं किया गया। बेरोजगारी भत्ते के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस ने हर घर से एक व्यक्ति को रोजगार देने की बात कही थी, मगर इस पर अमल नहीं हुआ। वहीं केंद्र सरकार ने भ्रष्टाचार के मामले में सारी हदें पार कर दीं। सरकार के मंत्री गरीब लोगों के पैसे ही डकार बैठे। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रामपुर विजय बिष्ट, पीएस द्रैक, नीना शर्मा, नरेश शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम सिंह नेगी, उपाध्यक्ष मोहन लाल, अनिल चौहान, ऊषा मेहता, रोशन चौधरी, महामंत्री आईडी मेहता, सचिव हेमंत शैली, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष संतोष छट्टू, सुषमा मखैक आदि मौजूद थे।

Related posts