एक साल बाद आवंटित हो सकेगा बैंकों का विशिष्ट पहचान पत्र

देश के प्रत्येक व्यक्ति को विशेष पहचान पत्र देने में बैंकों के समक्ष आ रही दिक्कतों को देखते हुए इस पक्रिया को पूरा करने की समय सीमा बढ़ा दी गई है।

अब इस प्रक्रिया को 31 मार्च 2014 तक पूरा किया जाएगा। जबकि इससे पूर्व विशिष्ट पहचान पत्र आवंटित करने की समय सीमा 31 मई 2013 तक रखी गई थी।

भारतीय रिजर्व बैंक ने अपने पुराने दिशानिर्देश को दोहराते हुए व्यवसायिक बैंकों को यह निर्देश दिया है कि वे अपने सभी ग्राहकों को विशिष्ट पहचान कोड(यूसीआईसी) आवंटित करें। पिछले साल भी रिजर्व बैंक ने सभी बैंकों से अपने ग्राहकों को यूसीआईसी आवंटित करने का निर्देश दिया था।

रिजर्व बैंक ने व्यवसायिक बैंकों की समस्याओं का जिक्र करते हुए अपनी अधिसूचना में कहा है कि कई बैंकों ने अपने ग्राहकों के लिए यूसीआईसी के क्रियान्वयन में परेशानियों का जिक्र किया है। और इसके लिए कई कारण भी गिनाए हैं।

इस कारण उन्होंने अपने मौजूदा ग्राहकों को यूसीआईसी आवंटित करने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की है। इसलिए समय अवधि बढ़ाई जा रही है।

गौरतलब है कि यूसीआईसी का मकसद बैंकों को ग्राहकों की पहचान में मदद करना, उनके जरिए ली जा रही सुविधाओं पर नजर रखना और तमाम वित्तीय लेनदेन पर निगरानी रखना है। इस प्रक्रिया से ग्राहकों के लिए भी बैंकिंग परिचालन सुगम हो सकेगा।

Related posts