
उत्तरकाशी। जिले के वंचित क्षेत्रों को पिछड़ा क्षेत्र घोषित करने की मांग को लेकर सर्वदलीय संघर्ष समिति का धरना जारी है। आंदोलनकारियों ने सरकार से बेरोजगार युवक-युवतियों के हित में जल्द ही एक सूत्री मांग का निदान करने की मांग की है।
कलक्ट्रेट में धरने पर बैठे समिति के लोगों ने सरकार पर वादा पूरा न करने का आरोप लगाया। कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने वंचित क्षेत्रों को पिछड़ा क्षेत्र में शामिल करने की घोषणा की थी, लेकिन लगता है सीएम अपनी घोषणा को भूल चुके हैं, जिसका खामियाजा बेरोजगारों को भुगतना पड़ रहा है। निर्णय लिया गया कि यदि सरकार जल्द ही एक सूत्री मांग का निदान नहीं करती है तो समिति आंदोलन को तेज करेगी। धरने पर चारधाम विकास परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सूरतराम नौटियाल, मुरारीलाल भट्ट, बिहारीलाल नौटियाल, डा. एसएस भंडारी, नारायण सिंह मलूड़ा, सीएम नौटियाल, सुंदरलाल, हरीश डंगवाल, चंद्रवीर सिंह राणा आदि बैठे।
