
श्रीनगर। अलकनंदा जल विद्युत परियोजना के प्रभावितों और कीर्तिनगर के जनप्रतिनिधियों ने बैठक आयोजित कर परियोजना प्रभावितों और प्रभावित क्षेत्रों को कुल बिजली उत्पादन से एक प्रतिशत बिजली निशुल्क उपलब्ध कराने की मांग उठाई। बैठक में कुल 25 गांवों के ग्रामीण शामिल हुए।
सिंचाई विभाग गेस्ट हाउस में पूर्व प्रमुख विजयंत सिंह निजवाला की अध्यक्षता में परियोजना प्रभावित क्षेत्र के लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जन प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में श्रीनगर जल विद्युत परियोजना सेे उत्पादित बिजली का एक प्रतिशत प्रभावित क्षेत्र, कीर्तिनगर विकास खंड और खिर्सू विकास खंड को मुफ्त देने और परियोजना के निर्माण से चौरास, कड़ाकोट, बडियारगढ़ और लोस्तू पट्टी के क्षतिग्रस्त श्मशान घाटों को अतिशीघ्र बनाने की मांग की गई। बैठक में शीघ्र ही एक प्रतिनिधिमंडल की ओर से परियोजना की निर्माणदायी संस्था जीवीके के प्रशासकों के साथ वार्ता का निर्णय भी लिया गया। इस मौके पर खिर्सू विकास महापंचायत के अध्यक्ष राकेश शर्मा, रंजन रतूड़ी, धर्मालाल आजाद, मातबर सिंह निजवाला, क्षेत्र पंचायत सदस्य गोविंद सिंह, दर्शन सिंह महर, संजीव चौहान, मनोहर सिंह पुंडीर आदि मौजूद थे।
इंसेट
गुणवत्ता पर ध्यान दे कंपनी
ग्रामीणों ने कंपनी की ओर से कराए गए कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। वक्ताओं ने कहा कि गत वर्ष पावर चैनल के बायीं ओर 10-12 सेमी हिस्सा एक ओर धंस गया था। जिसकी मरम्मत आनन-फानन में की गई है। इसलिए कंपनी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दे।
