आपदा से बचाव को कमर कसें विभाग : डीएम

पिथौरागढ़। आपदा के नजरिए से पिथौरागढ़ जिले में 130 स्थान संवेदनशील हैं। इन स्थानों पर रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर टिकाया जाएगा। आपदा से बचाव को लेकर प्रशासन ने विभिन्न विभागों में बेहतर समन्वय पर जोर दिया है। कलक्ट्रेट में हुई बैठक में जिलाधिकारी डा. नीरज खैरवाल ने आपदा से बचाव के लिए तैयार कार्यनीति के ईमानदारी से क्रियांवयन के निर्देश दिए। कहा कि आपदा में जन और धन के बचाव के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाए। इसमें किसी तरह की हीलाहवाली को बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी आरएस राणा ने बताया कि 130 संवेदनशील स्थानों में से 34 को ज्योलोजिकल विभाग सर्वे कर रहा है। रेडक्रास को जरूरी सामग्री की उपलब्धता बनाए रखने, लोनिवि, एडीबी, पीएमजीएसवाई को संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर उपकरणों को रखने के निर्देश दिए गए। पंचायतों के प्रतिनिधियों, ग्राम प्रहरियों, ग्राम स्तर पर गठित आपदा प्रबंधन की टीमों के नाम-पते रखने को कहा गया। आपदा से बचाव के लिए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक वीकेएस कार्की, अपर जिलाधिकारी बीएल राणा, जिला विकास अधिकारी एसएम डोभाल, उप जिलाधिकारी नरेश दुर्गापाल, जय भारत सिंह, बीएस फोनिया, प्रमोद कुमार, एके शुक्ला, युवा कल्याण अधिकारी एनके द्विवेदी, आईटीबीपी के डिप्टी कमांडेंट जावेद अली समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Related posts